MENU

वाराणसी में निर्माणाधीन परियोजनाओं का डीएम ने किया औचक निरीक्षण



 10/Aug/26

अप्रैल तक पूरा होगा डीडीयू अस्पताल का 198 बेडेड एक्सटेंशन

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने रविवार को वाराणसी में चल रही प्रमुख निर्माणाधीन परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल (डीडीयू), निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा विस्तार परियोजना, एनएच-56 अंडरपास और कैंट रोप-वे स्टेशन का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। डीएम ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

डीडीयू अस्पताल में 198 बेड का विस्तार

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डीडीयू अस्पताल में निर्माणाधीन 198 बेडेड एक्सटेंशन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि इस परियोजना को अगले वर्ष अप्रैल तक हर हाल में पूरा कराया जाए

डीएम ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए जरूरत के अनुसार कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने और निर्माण की गुणवत्ता उच्च स्तर की बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से नियमित निगरानी के साथ कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने को कहा।

मेडिकल कॉलेज में स्टाफ आवास की व्यवस्था

निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने फैकल्टी और सपोर्ट स्टाफ के लिए कैंपस में आवास की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने को कहा।

इसके अलावा उन्होंने 100 आईसीयू के निर्माण की प्रगति की भी जानकारी ली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि आईसीयू का निर्माण एनएचएम की फंडिंग से कराया जाएगा और इसके लिए ले-आउट का कार्य पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने आईसीयू निर्माण में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।

एयरपोर्ट विस्तार और एनएच-56 अंडरपास की समीक्षा

इसके बाद डीएम ने लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के विस्तार से संबंधित एनएच-56 पर प्रस्तावित अंडरपास का निरीक्षण किया। उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों से परियोजना की प्रगति और आगामी कार्यों की जानकारी ली।

डीएम ने डिजाइन पैरामीटर्स, कंस्ट्रक्शन सीक्वेंस और आगे के निर्माण कार्यों के लक्ष्य पर चर्चा की। उन्होंने परियोजना से जुड़े शेष मकानों की शिफ्टिंग की प्रक्रिया भी जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए।

कैंट रोप-वे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज का निरीक्षण

जिलाधिकारी ने कैंट रोप-वे स्टेशन पर निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज (FOB) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर चल रहे आर्ट वर्क और फिनिशिंग कार्यों की स्थिति देखी।

डीएम ने रोप-वे अधिकारियों को निर्देश दिया कि अन्य स्टेशनों पर बचे हुए निर्माण कार्यों को भी युद्धस्तर पर अभियान चलाकर जल्द पूरा कराया जाए

वाराणसी में विकास परियोजनाओं पर डीएम का फोकस

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा और समयसीमा का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा किया जाए।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4432


सबरंग