वाराणसी, 9 अगस्त 2026 | Clown Times चौक थाना पुलिस ने चांदी लूटकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए इरानी गैंग से जुड़े एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट की 7 बटिया चांदी, कुल वजन 6.950 किलोग्राम बरामद की है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध और चौक थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर सूचना और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रशांत जेवियर तिर्की (24 वर्ष) पुत्र जोसेफ तिर्की, निवासी ग्राम जमीरा, पोस्ट रोल, थाना चंदवा, जिला लातेहार (झारखंड) के रूप में हुई है। उसे 9 अगस्त 2026 को दोपहर 3 बजे मालगोदाम, इंग्लिशिया लाइन, थाना सिगरा क्षेत्र से पकड़ा गया।
यह मामला 17 जुलाई 2026 को हुई उस बड़ी लूट से जुड़ा है, जिसमें हेमा ज्वेलर्स, सुड़िया से महालक्ष्मी ज्वेलर्स, रेशम कटरा ले जाई जा रही लगभग 27.327 किलोग्राम चांदी की 26 बटिया गोविंदपुरा मोड़ के पास अज्ञात बदमाशों द्वारा लूट ली गई थीं। इस संबंध में चौक थाने में मुकदमा संख्या 125/2026 धारा 309(4), 61(2), 317(2) एवं 111 बीएनएस के तहत दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि बरामदगी और गिरफ्तारी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।