MENU

भैयालाल यादव सभासद मध्यमेश्वर गिरफ्तार, महिला से छेड़खानी के मामले में चेतगंज पुलिस की कार्रवाई



 08/Aug/26

वाराणसी। मध्यमेश्वर क्षेत्र के सभासद भैयालाल यादव को महिला के साथ छेड़खानी और गलत नजर रखने के आरोप में चेतगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार थाना चेतगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 211/2026, धारा 78(2) बीएनएस के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक वादिनी द्वारा 7 अगस्त 2026 को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया गया था कि भैयालाल यादव पुत्र स्व. मोतीलाल यादव निवासी 63/57 नक्काश, भूतभैरव, थाना कोतवाली वाराणसी, उन पर गलत नजर रखते हैं। शिकायत के आधार पर चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की विवेचना उपनिरीक्षक संदीप कुमार सिंह कर रहे थे। शुक्रवार 8 अगस्त 2026 को पुलिस टीम घटनास्थल कबीर चौरा, चेतगंज पहुंची, जहां वादिनी और आरोपी दोनों मौजूद मिले। पुलिस के अनुसार मुकदमा दर्ज होने की बात को लेकर आरोपी और वादिनी के बीच विवाद बढ़ गया तथा स्थिति तनावपूर्ण हो गई। समझाने-बुझाने के प्रयास के बावजूद मामला शांत नहीं हुआ, जिसके बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भैयालाल यादव को धारा 170 बीएनएसएस के तहत सुबह करीब 9:25 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 56 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, चौकी प्रभारी नाटी इमली उपनिरीक्षक संदीप सिंह, हेड कांस्टेबल गोपाल सिंह तथा कांस्टेबल पुनीत कुमार शामिल रहे।

पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने कहा है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों और छेड़खानी की घटनाओं के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3899


सबरंग