वाराणसी। सावन माह के दौरान मीट, मछली और मुर्गे की दुकानों के संचालन पर लगाए गए प्रतिबंध का पालन कराने के लिए वाराणसी नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। शुक्रवार को नगर निगम की विशेष प्रवर्तन टीम ने शहर के संवेदनशील इलाकों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान प्रतिबंध के बावजूद मांस की दुकानें खुली मिलने पर चार दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
नगर निगम की टीम ने रेवड़ी तालाब और पितरकुंडा क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान रेवड़ी तालाब में दो और पितरकुंडा में दो दुकानें प्रतिबंध के बावजूद खुली मिलीं। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों दुकानदारों से कुल 35 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, सावन माह को देखते हुए शहर में खुले तौर पर संचालित होने वाली मांस, मछली और मुर्गे की दुकानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों के साथ-साथ अलग-अलग वार्डों और बाजारों में भी औचक निरीक्षण किया जाएगा।
पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डा. विजय अमृतराज ने बताया कि सावन के दौरान जनभावनाओं और धार्मिक मान्यताओं को ध्यान में रखते हुए मांस-मछली की बिक्री पर प्रतिबंध लागू किया गया है। प्रतिबंध का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने दुकानदारों को चेतावनी दी है कि सावन माह के दौरान प्रतिबंधित गतिविधियों का संचालन न करें। शुक्रवार की कार्रवाई में जुर्माना वसूलने के साथ दुकानदारों को भविष्य में प्रतिबंध का उल्लंघन नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।
नगर निगम की टीम आने वाले दिनों में भी शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार जांच अभियान चलाएगी। दोबारा नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ जुर्माने के साथ विधिक कार्रवाई भी की जा सकती है।