थाना प्रभारियों व राजपत्रित अधिकारियों को समयबद्ध विवेचना, महिला सुरक्षा और आगामी आयोजनों की तैयारियां पुख्ता करने के दिए निर्देश
पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल ने थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों की समीक्षा गोष्ठी में महिला सुरक्षा, अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर कठोर कार्रवाई, समयबद्ध विवेचना, फैंटम दस्तों की सक्रियता, जनसुनवाई एवं कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने हेतु महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए-
1. मिशन शक्ति फेज-05 के द्वितीय चरण का प्रभावी क्रियान्वयन, मनचलों पर होगी सख्त कार्रवाई
• समस्त थाना प्रभारी विद्यालयों में जाकर छात्राओं एवं शिक्षकों से संवाद स्थापित करें, महिला सशक्तिकरण अभियान संचालित करें, मनचलों/शोहदों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करें तथा हेल्पलाइन 1090, 112 एवं 9670705555 का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।
• महिला अपराधों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। प्रत्येक शिकायत पर तत्काल सुनवाई कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा अधिकारी स्वयं ऐसे प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर पीड़ितों से फीडबैक प्राप्त करें।
2. धोखाधड़ी करने वाले पेशेवर अपराधियों पर केवल मुकदमा ही नहीं, नये कानून के तहत होगी संपत्ति जब्त
• फ्लैट बेचने के नाम पर ठगी करने वाले, वित्तीय साइबर धोखाधड़ी, चोरी, लूट, छिनैती, गौ-तस्करी एवं एनडीपीएस जैसे संगठित अपराधों में संलिप्त पेशेवर अपराधियों के विरुद्ध केवल मुकदमा दर्ज करने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी। ऐसे अपराधियों पर एनएसए, गैंगस्टर एवं गुंडा अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
• नये कानून के तहत उनकी संपत्तियों की पहचान कर धारा 107 बीएनएसएस के तहत जब्ती एवं कुर्की की प्रभावी कार्रवाई की जाएगी, जिससे अपराधियों के आर्थिक तंत्र को ध्वस्त कर संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
3. अब नए स्वरूप में दिखेगा फैंटम दस्ता, बढ़ेगी सक्रियता एवं प्रभावी दृश्यता
• जनपद के प्रत्येक थाने पर तैनात फैंटम दस्तों को नए स्वरूप में और अधिक सक्रिय बनाया जाएगा। प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर उनकी नियमित तैनाती एवं प्रभावी विजिबिलिटी सुनिश्चित की जाएगी।
4. तहसील दिवस एवं थाना समाधान दिवस होंगे अधिक प्रभावी, राजस्व-पुलिस समन्वय से होगा त्वरित निस्तारण
• थाना एवं तहसील समाधान दिवसों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा भूमि, सीमांकन, कब्जा एवं अन्य राजस्व संबंधी चिन्हित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
5. समयबद्ध विवेचना एवं ई-साक्ष्य संकलन पर विशेष बल
• प्रत्येक विवेचना में ई-साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया समय से पूर्ण की जाए। सभी मुकदमों का निस्तारण निर्धारित 60 एवं 90 दिवस की समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए।
6. अतिक्रमण हटाने एवं यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता
• जेडएफडी के अंतर्गत अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित कार्रवाई की जाए, प्रमुख मार्गों पर सुगम यातायात सुनिश्चित किया जाए तथा निरंतर चेकिंग अभियान चलाकर जाम की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए।
7. डीजे संचालकों की बैठक एवं मानकों का अनुपालन
• सभी डीजे संचालकों के साथ बैठक आयोजित कर निर्धारित ध्वनि मानकों एवं प्रशासनिक निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
8. कांवड़ मार्गों की निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था
• कांवड़ मार्गों का नियमित स्थलीय निरीक्षण किया जाए तथा ड्रोन के माध्यम से संवेदनशील स्थलों की निगरानी कर सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखा जाए।
9. राजपत्रित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश
• राजपत्रित अधिकारियों के साथ अलग से गोष्ठी कर विवेचनाओं की समीक्षा की गई तथा निर्देशित किया गया कि विवेचना संबंधी सभी नियम एवं समय-सीमा उनके लिए भी समान रूप से लागू हैं और उनका कड़ाई से पालन किया जाए।
10. जघन्य अपराधों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना पर विशेष जोर
• हत्या, दुष्कर्म एवं अन्य जघन्य अपराधों की विवेचना वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कर प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आज दिनांक 07-08-2026 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल द्वारा थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों के साथ कैम्प कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना तथा आगामी आयोजनों की तैयारियों की व्यापक समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिसिंग का प्रत्येक आयाम परिणामोन्मुखी एवं जनकेंद्रित होना चाहिए। उन्होंने मिशन शक्ति फेज-05 के द्वितीय चरण को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए विद्यालयों में जनजागरूकता अभियान चलाने, छात्राओं को हेल्पलाइन 1090, 112 एवं 9670705555 की जानकारी देने तथा मनचलों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संगठित अपराध, फ्लैट बेचने के नाम पर ठगी, वित्तीय साइबर धोखाधड़ी, चोरी, लूट, छिनैती, गौ-तस्करी एवं एनडीपीएस से जुड़े अपराधियों के विरुद्ध एनएसए, गैंगस्टर एवं गुंडा अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई तथा धारा 107 बीएनएसएस के अंतर्गत अपराधियों के संपत्तियों की जब्ती एवं कुर्की की प्रक्रिया अपनाने पर बल दिया। उन्होंने फैंटम दस्तों की सक्रियता एवं दृश्यता बढ़ाने, थाना एवं तहसील समाधान दिवसों को अधिक प्रभावी बनाने, ई-साक्ष्य आधारित समयबद्ध विवेचना, अतिक्रमण एवं यातायात प्रबंधन, डीजे संचालकों के मानक अनुपालन, कांवड़ मार्गों की ड्रोन निगरानी तथा जघन्य अपराधों की वैज्ञानिक एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उक्त बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/मुख्यालय श्री शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध श्री आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन सुश्री नीतू, पुलिस उपायुक्त यातायात श्री अनिल कुमार यादव सहित कमिश्नरेट वाराणसी के समस्त राजपत्रित अधिकारीगण उपस्थित रहे। वहीं, जनपद के समस्त थाना प्रभारी गूगल मीट के माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किये।