MENU

'हर घर तिरंगा' अभियान की तैयारियां पूरी करने के निर्देश, डीएम सत्येन्द्र कुमार ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक



 06/Aug/26

वाराणसी में 'हर घर तिरंगा' अभियान की तैयारियां तेज, डीएम सत्येन्द्र कुमार ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

 स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 9 से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले 'हर घर तिरंगा' अभियान को सफल बनाने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के प्रभावी संचालन, जनभागीदारी और विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों तथा राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना प्राथमिक लक्ष्य है।

बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनपद और ब्लॉक स्तर पर तिरंगा यात्राएं, प्रमुख स्थानों पर तिरंगा प्रदर्शनी, शहीद स्थलों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम तथा विद्यालयों और महाविद्यालयों में विभिन्न गतिविधियों की तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।

अभियान के तहत सभी सरकारी कार्यालयों, पंचायत भवनों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रभात फेरी, साइकिल एवं मोटरसाइकिल रैली, निबंध, चित्रकला, भाषण, प्रश्नोत्तरी और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। शहीद स्मारकों पर श्रद्धांजलि और स्वच्छता अभियान भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संगठनों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रहेगी।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि फटा, क्षतिग्रस्त या गंदा तिरंगा उपयोग में न लाया जाए तथा राष्ट्रीय ध्वज का प्रयोग सजावट, मेजपोश, वस्त्र या किसी व्यावसायिक प्रचार के लिए नहीं किया जाना चाहिए। अभियान समाप्त होने के बाद ध्वज का सम्मानपूर्वक संरक्षण अथवा नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, डीसी एनआरएलएम, अपर जिलाधिकारी (सिविल सप्लाई) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3198


सबरंग