विश्व बैंक पोषित यूपी एग्रीज परियोजना की टीम ने पिंडरा के भानपुर गांव में किया निरीक्षण, किसानों को दी गई आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी
विश्व बैंक पोषित यूपी एग्रीज (UP AGRIS) परियोजना के अंतर्गत प्रदेश स्तरीय टीम ने बुधवार को पिंडरा विकासखंड के भानपुर गांव का दौरा कर एचडीएफसी बैंक (HDFC) CSR एवं अंबुजा फाउंडेशन के सहयोग से संचालित समग्र ग्रामीण विकास परियोजना के विभिन्न कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण दल में प्रदेश नोडल विनायक, युवराज आहूजा, सौम्या, उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल, जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह तथा जिला उद्यान अधिकारी सुभाष कुमार शामिल रहे। अधिकारियों ने गांव में स्थापित पॉलीहाउस, डेमो प्लॉट, सब्जी उत्पादन इकाइयों, कलेक्शन सेंटर तथा फार्म मशीनरी बैंक का निरीक्षण कर परियोजना के क्रियान्वयन और किसानों को मिल रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से संवाद करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही आगामी रबी सीजन के लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से बीज बुकिंग प्रक्रिया की जानकारी साझा करते हुए किसानों से समय पर पंजीकरण कराने की अपील की गई।
अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों के उपयोग, संरक्षित खेती और सामूहिक विपणन व्यवस्था के लाभों के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि ऐसी परियोजनाओं का उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि, उत्पादन क्षमता का विकास तथा ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ कृषि प्रणाली को बढ़ावा देना है।
निरीक्षण के दौरान अंबुजा फाउंडेशन की ओर से सुनील कुमार चौरसिया, अमन कुमार और जूनियर कुमार मौजूद रहे। कृषि विभाग से सहायक विकास अधिकारी (कृषि) साहब सिंह यादव, प्राविधिक सहायक (कृषि) हेमलता भारती तथा उद्यान विभाग के इंस्पेक्टर शिशिर मिश्रा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।