MENU

रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, पूर्वांचल की राजनीति को बड़ा झटका



 06/Aug/26

रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, पूर्वांचल की राजनीति को बड़ा झटका

बलिया, 6 अगस्त 2026 |बलिया जनपद की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक और बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता उमाशंकर सिंह का निधन हो गया। लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे उमाशंकर सिंह ने बुधवार देर रात दिल्ली के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से बलिया समेत पूरे पूर्वांचल और प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई।

उमाशंकर सिंह वर्ष 2022 में रसड़ा विधानसभा सीट से जीतकर उत्तर प्रदेश विधानसभा पहुंचे थे। उस चुनाव में वे बसपा के टिकट पर जीतने वाले इकलौते विधायक थे। बाद में उन्हें बसपा विधायक दल का नेता भी बनाया गया था।

उन्होंने पहली बार वर्ष 2012 में रसड़ा सीट से जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2017 और 2022 में लगातार जीत हासिल कर क्षेत्र में अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ कायम रखी। छात्र राजनीति से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले उमाशंकर सिंह सामाजिक सरोकारों, गरीबों की मदद और क्षेत्रीय विकास के मुद्दों पर सक्रिय रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

उमाशंकर सिंह का निधन बसपा के लिए बड़ी राजनीतिक क्षति माना जा रहा है, क्योंकि वर्तमान विधानसभा में वे पार्टी की एकमात्र आवाज थे। रसड़ा और बलिया में उनके आवास पर समर्थकों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी है। पूरे क्षेत्र में शोक और मायूसी का माहौल है।

अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार के कार्यक्रम को लेकर परिवार और पार्टी की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3379


सबरंग