MENU

आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने किया बेंच व वाटर कूलर का लोकार्पण



 04/Aug/26

कैंसर मरीजों की सुविधा के लिए सीनियर सिटीजन ट्रस्ट की पहल

वाराणसी, 4 अगस्त। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय सीनियर सिटीजन ट्रस्ट, वाराणसी ने कैंसर मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण पहल करते हुए महामना कैंसर अस्पताल और रेलवे कैंसर अस्पताल में बेंच तथा वाटर कूलर उपलब्ध कराया। इन सुविधाओं का लोकार्पण उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।

इस अवसर पर महामना कैंसर अस्पताल में 14 बेंच तथा रेलवे कैंसर अस्पताल में 6 बेंच मरीजों और उनके तीमारदारों के उपयोग के लिए समर्पित की गईं। साथ ही शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक बड़ी क्षमता का वाटर कूलर भी स्थापित किया गया।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने कहा कि "मानव सेवा ही माधव सेवा है।" उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों और उनके परिजनों के लिए बैठने तथा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने सीनियर सिटीजन ट्रस्ट के इस जनसेवी कार्य की सराहना करते हुए सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ऐसे सामाजिक संगठनों का सहयोग सरकारी प्रयासों को नई मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सहयोग करने का आह्वान भी किया।

कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. अजीत सैगल एवं श्री आशीष बासक ने मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत और सम्मान किया।

इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. अजीत सैगल, अपर अधीक्षक डॉ. बी.के. मिश्रा, डॉ. अरुण बाजोरिया, डॉ. बेला सैगल, डॉ. एम.के. गुप्ता, डॉ. अमिताभ भट्टाचार्य, डॉ. अर्चना बाजोरिया, श्री तपस दास, श्री सोमनाथ तथा श्रीमती शिप्रा बासक सहित अस्पताल के चिकित्सक, ट्रस्ट के सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी ने बताया कि सीनियर सिटीजन ट्रस्ट पिछले कई वर्षों से स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में निरंतर सेवा कार्य कर रहा है। ट्रस्ट द्वारा उपलब्ध कराई गई बेंचों से प्रतिदिन सैकड़ों मरीजों और उनके परिजनों को सुविधा मिलेगी, जबकि स्थापित वाटर कूलर के माध्यम से मरीजों एवं तीमारदारों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि आयुष मंत्री ने ट्रस्ट को भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी कार्य निरंतर जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

9261


सबरंग