वाराणसी, 2 अगस्त 2026। सनबीम ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस के तत्वावधान में सनबीम स्कूल लहरतारा एवं डिबेटर्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिष्ठित राष्ट्रीय यूथ डेमोक्रेसी फेस्ट-2026 का सफल आयोजन किया गया। लोकतंत्र, सुशासन एवं समकालीन सामाजिक विषयों पर आधारित इस राष्ट्रीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपनी तार्किक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की उत्कृष्ट समझ का परिचय दिया।
यह आयोजन सनबीम स्कूल लहरतारा के लिए दोहरी उपलब्धि लेकर आया। विद्यालय ने न केवल इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की सफल मेज़बानी की, बल्कि शानदार प्रदर्शन करते हुए सीनियर वर्ग का राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया तथा नोविस वर्ग में राष्ट्रीय फाइनलिस्ट बनने का गौरव भी प्राप्त किया। यह उपलब्धि विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, नेतृत्व विकास एवं व्यक्तित्व निर्माण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है।
प्रतियोगिता की शुरुआत ऑनलाइन प्रारम्भिक चरण से हुई, जिसमें देश के 34 से अधिक प्रतिष्ठित विद्यालयों की 100 से अधिक टीमों ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बाद सीनियर, जूनियर एवं नोविस श्रेणियों की सर्वश्रेष्ठ 10 टीमें ऑफलाइन चरण के लिए चयनित हुईं, जिसका आयोजन सनबीम स्कूल लहरतारा, वाराणसी में किया गया। सेमीफाइनल के पश्चात प्रत्येक श्रेणी की दो-दो टीमों ने फाइनल में स्थान बनाया।
यह प्रतियोगिता डिबेटर्स ऑफ इंडिया की उस प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण रही, जिसके माध्यम से देशभर के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण वाद-विवाद का मंच उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि उनमें तार्किक चिंतन, प्रभावी संवाद एवं जिम्मेदार नागरिकता के गुण विकसित हो सकें।
प्रतियोगिता में देश के अनेक प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सनबीम स्कूल लहरतारा के मोहम्मद अयान, हर्षवर्धन एवं मंत्रा पारिख ने अपने प्रभावशाली तर्क, आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति एवं उत्कृष्ट वक्तृत्व कौशल के बल पर सीनियर वर्ग का राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया। वहीं वरुण गुप्ता, युवराज लाहा एवं आध्या झंवर ने नोविस वर्ग में राष्ट्रीय फाइनलिस्ट बनकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। सीनियर वर्ग में उपविजेता सनबीम स्कूल अन्नपूर्णा, वाराणसी रहा, जबकि जूनियर एवं नोविस वर्ग के विजेता शिव नादर स्कूल, नोएडा; स्टेप बाय स्टेप स्कूल, नोएडा; द श्री राम स्कूल, गुरुग्राम; ओकरिज इंटरनेशनल स्कूल, हैदराबाद; नीता मुकेश अंबानी जूनियर स्कूल; मॉडर्न हाई स्कूल इंटरनेशनल, कोलकाता; तथा मॉडर्न स्कूल, बाराखंभा रोड, नई दिल्ली जैसे देश के प्रतिष्ठित विद्यालयों से रहे। प्रतियोगिता ने युवा वक्ताओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी वैचारिक क्षमता, तार्किक कौशल एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी समझ प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन द स्पीकर्स यूनाइटेड की संस्थापक सुश्री प्रियंका कपूरिया तथा संस्था की हेड ऑफ एडमिशन्स एंड मेंटरशिप सुश्री तरुषी शर्मा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ, जिनके नेतृत्व एवं सहयोग ने प्रतियोगिता को सफल एवं गरिमामयी स्वरूप प्रदान किया।
समापन अवसर पर सनबीम ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस की निदेशक श्रीमती अमृता बर्मन, उपाध्यक्ष श्रीमती भारती माधोक, अध्यक्ष डॉ. दीपक माधोक एवं मानद निदेशक श्री हर्ष माधोक ने आयोजन की सफलता पर डिबेटर्स ऑफ इंडिया, प्रतिभागियों, निर्णायकों एवं आयोजन समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यूथ डेमोक्रेसी फेस्ट-2026 जैसे राष्ट्रीय मंच विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, प्रभावी अभिव्यक्ति एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने सीनियर वर्ग में राष्ट्रीय चैंपियन एवं नोविस वर्ग में राष्ट्रीय फाइनलिस्ट बनने पर सनबीम स्कूल लहरतारा के विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं। श्री हर्ष माधोक ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त अवसर प्रदान करते हैं।