MENU

लगातार 10वें वर्ष यादव महासभा ने किया बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक



 03/Aug/26

विश्व शांति, राष्ट्र की समृद्धि और जनकल्याण की कामना के साथ श्रद्धालुओं ने निभाई वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा

 श्री कृष्णा यादव महासभा की ओर से रविवार को बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में लगातार 10वें वर्ष भव्य जलाभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यादव समाज के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर विश्व शांति, राष्ट्र की समृद्धि, सामाजिक समरसता तथा जनकल्याण की कामना की। धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का यह आयोजन पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत लक्सा थाना के समीप स्थित एक होटल से हुई, जहां यादव समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हुए। इसके बाद यादव महासभा के अध्यक्ष जगदीश यादव के नेतृत्व में सभी श्रद्धालु शोभायात्रा के रूप में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में विधिवत पूजन-अर्चन एवं जलाभिषेक कर भगवान शिव से देश और समाज के सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की गई।

इस अवसर पर यादव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दिल्ली सरकार के ओबीसी आयोग के पूर्व अध्यक्ष जगदीश यादव ने कहा कि बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक यादव समाज की वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि लगातार दसवें वर्ष इस आयोजन का सफलतापूर्वक संपन्न होना समाज की आस्था, एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की कृपा से देश में शांति, सामाजिक सौहार्द और विकास का वातावरण बना रहे, यही सभी की कामना है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपराएं समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करती हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपराओं से जुड़ती है तथा समाज में आपसी भाईचारा और समरसता को भी मजबूती मिलती है।

जलाभिषेक कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव, हरियाणा विधानसभा की पूर्व डिप्टी स्पीकर श्रीमती संतोष यादव, भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया, गणपति यादव सहित यादव महासभा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के बाद प्रदेश और देश की उन्नति, समाज के कल्याण तथा विश्व शांति की मंगलकामना की।

धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का यह आयोजन श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इसे और अधिक भव्य बना दिया।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2613


सबरंग