वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे 'हर घर तिरंगा' अभियान को इस वर्ष और अधिक व्यापक स्वरूप देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेशभर में 10 से 15 अगस्त तक विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। अभियान के तहत 10 से 14 अगस्त तक भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी, जबकि 11 से 15 अगस्त तक घर-घर संपर्क कर प्रत्येक नागरिक को अपने घर, प्रतिष्ठान, व्यापारिक संस्थान और कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने सोमवार को रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि 'हर घर तिरंगा' अब केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का विराट जनआंदोलन बन चुका है। इसका उद्देश्य प्रत्येक भारतीय के मन में तिरंगे के प्रति सम्मान, गौरव और आत्मीयता की भावना को और अधिक मजबूत करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान का शुभारंभ 9 अगस्त को लखनऊ से निकलने वाली तिरंगा यात्रा से होगा। इसके बाद 4 और 5 अगस्त को जिला स्तर तथा 6 अगस्त को मंडल स्तर की योजना बैठकें आयोजित कर कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। 10 से 12 अगस्त तक प्रत्येक मंडल एवं महानगर के वार्ड स्तर पर एक से दो किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी, जिनका नेतृत्व भारतीय जनता युवा मोर्चा करेगा। महिला मोर्चा सहित भाजपा के सभी मोर्चे एवं प्रकोष्ठ भी इन आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
अशोक चौरसिया ने बताया कि 13 से 15 अगस्त तक कार्यकर्ता घर-घर संपर्क अभियान चलाकर लोगों को अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करेंगे। इसी दौरान प्रत्येक मंडल में युद्धवीरों, शहीदों के परिजनों तथा देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों का सम्मान किया जाएगा, ताकि राष्ट्र उनके त्याग और बलिदान के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त कर सके।
उन्होंने कहा कि 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, शहीद स्थलों एवं ऐतिहासिक स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही महापुरुषों और अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। 13 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर भी भव्य तिरंगा यात्राएं आयोजित होंगी।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि 14 अगस्त, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर सभी जिलों में बैनर और प्ले-कार्ड के साथ मौन जुलूस निकाले जाएंगे। इसके साथ ही जिला स्तर पर संगोष्ठियों का आयोजन कर देश के विभाजन की पीड़ा और उससे जुड़े संस्मरण साझा किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और घर-घर तक उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा तथा शाम चार बजे के बाद राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार उतारा जाएगा।
बैठक में राकेश शर्मा, डॉ. सुदामा पटेल, राजेश राजभर, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, डॉ. उत्तम ओझा, संतोष सोलापुरकर, श्री प्रकाश शुक्ला, पीयूष वर्धन, सुरेंद्र पटेल, संजीव चौरसिया, सिद्धार्थ कुशवाहा, अमित राय सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।