MENU

ऑपरेशन चक्रव्यूह में रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई



 31/Jul/26

 

ऑपरेशन चक्रव्यूह में रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लावारिस ट्रक से 90 हजार रुपये की अवैध शराब बरामद, तस्करों की तलाश

 कमिश्नरेट वाराणसी की रामनगर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लंका मैदान से कटरिया की ओर जाने वाली सड़क पर खड़े एक लावारिस ट्रक से करीब 90 हजार रुपये मूल्य की ब्लू लाइम ब्रांड की 23 पेटी और 90 पाउच (कुल 1125 पाउच) अवैध देशी शराब बरामद की है। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही ट्रक चालक फरार हो गया।

पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों एवं शराब की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन एवं सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामनगर संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लंका मैदान से कटरिया जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है, जिसमें अवैध शराब लदी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन और डाले से 200 मिलीलीटर क्षमता वाले ब्लू लाइम ब्रांड के कुल 1125 पाउच बरामद हुए। इनमें 23 पेटियों में 45-45 पाउच तथा अतिरिक्त 90 पाउच शामिल हैं।

बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने ट्रक संख्या BR24GC4512 को अपने कब्जे में लेकर सीज कर दिया है और चालक सहित तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

इस मामले में थाना रामनगर पर मु0अ0सं0-0201/2026 के तहत धारा 60/63 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, पंकज मिश्रा, हरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल रवीन्द्र सिंह तथा आरक्षी ओमप्रकाश यादव शामिल रहे।

रामनगर पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1138


सबरंग