MENU

सीर गोवर्धनपुर में समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ, CM योगी बोले- संत रविदास का संदेश आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत



 30/Jul/26

वाराणसी | Clown Times| संत शिरोमणि सद्गुरु संत श्री रविदास महाराज के 650वें प्रकाश वर्ष के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। उन्होंने सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जी की जन्मस्थली मंदिर में माथा टेका, पुष्पांजलि अर्पित की तथा रविदास स्मारक में स्थापित उनकी विशाल कांस्य प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने संत रविदास पार्क के पास आयोजित विशाल जनसभा में दीप प्रज्वलित कर “समरस संकल्प अभियान” का विधिवत शुभारंभ किया। यह अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पूरे देश में चलाया जाएगा और इसका उद्देश्य संत रविदास के समता, सामाजिक सद्भाव और जाति-विहीन समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर-हर महादेव और संत रविदास महाराज के जयकारों के साथ सभा को संबोधित करते हुए कहा कि संत गुरु रविदास ने समरसता, समानता और मानवता का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने लोगों से संत रविदास के सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि संत रविदास ने संत रामानंद के उस अभियान को चरितार्थ किया जिसमें समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के कल्याण की बात कही गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के माध्यम से विकसित भारत के अभियान को आगे बढ़ा रही है।

योगी आदित्यनाथ ने संत रविदास की प्रसिद्ध पंक्तियाँ उद्धृत करते हुए कहा, “ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न, छोट-बड़ो सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस भावना को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से चरितार्थ किया है और वर्ष 2020 से 81 करोड़ लोगों को बिना किसी जाति-पाति के भेदभाव के निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों, विशेष रूप से समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने महापुरुषों के नाम बदलने का काम किया, जबकि वर्तमान सरकार उनके सम्मान और विरासत के संरक्षण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भदोही जिले का नाम संत रविदास नगर ही रहेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा के लिए 18 मंडलों में अटल आवासीय विद्यालय बनाए गए हैं और प्रदेश के सभी जिलों में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय स्थापित किए जाएंगे।

केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने संत रविदास के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए उनके प्रसिद्ध भजन “प्रभुजी तुम चंदन मैं पानी” को गाकर सुनाया।

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि संत रविदास के विचारों को मानने वाले एक-एक व्यक्ति तक पहुंचकर उन्हें जोड़ने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संत रविदास की पावन माटी देशभर के बूथों तक पहुंचाई जाएगी।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संत रविदास के “सबको अन्न, सबको सम्मान” के विचार को अपने शासन में साकार किया है। वहीं उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि संत रविदास ने 650 वर्ष पूर्व समाज को जोड़ने का कार्य किया था और आज उनका संदेश राष्ट्रीय एकता की आधारशिला है।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने बताया कि पंजाब से काशी तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है तथा आदमपुर एयरपोर्ट का नाम संत शिरोमणि रविदास जी के नाम पर रखा गया है।

राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने कहा कि यह अभियान गांव-गांव और समाज के प्रत्येक वर्ग तक समरसता का संदेश पहुंचाएगा। इसके अंतर्गत कलश यात्रा, संत संपर्क अभियान, समरसता यात्रा, दीपोत्सव और युवा संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के संयोजक एवं भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने अभियान के विभिन्न चरणों की जानकारी दी, जिनमें कलश वंदन अभियान, संत संपर्क अभियान, जालंधर से काशी तक समरसता यात्रा तथा छात्रावास संपर्क अभियान प्रमुख हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत निरंजन दास महाराज को सम्मानित किया।

मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ संत निरंजन दास, जगद्गुरु नरेंद्रानंद, पंकज चौधरी, केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, दुष्यंत गौतम, तरुण चुग, लाल सिंह आर्य, प्रेमचंद बैरवा, जयवीर सिंह, अनिल राजभर, असीम अरुण, दयाशंकर मिश्र दयालु सहित अनेक संत और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जनसभा में डॉ. नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, टी राम, डॉ. अवधेश सिंह, सुनील पटेल, दिलीप पटेल, रामप्रकाश सिंह, त्र्यंबक त्रिपाठी, अनिल यादव, महापौर अशोक तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।

सीर गोवर्धनपुर में आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और पूरा परिसर “हर-हर महादेव” तथा “संत रविदास महाराज की जय” के उद्घोष से गूंजता रहा।

#CMYogi #SantRavidas #SamrastaSankalpAbhiyan #Varanasi #SeerGovardhanpur #ClownTimes #Kashi #SocialHarmony


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

9079


सबरंग