पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल द्वारा अवैध जुआ संचालन के प्रकरण में स्वयं संज्ञान लेते हुए चौकी प्रभारी
कमिश्नरेट वाराणसी के थाना कैण्ट क्षेत्रान्तर्गत पुलिस चौकी नदेसर के अन्तर्गत मिन्ट हाउस तिराहे के निकट बड़े पैमाने पर अवैध जुआ संचालन की सूचना प्राप्त होने पर पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल द्वारा तत्काल स्वयं संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारीगण को आवश्यक एवं प्रभावी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। पुलिस आयुक्त महोदय के निर्देश के क्रम में वरिष्ठ अधिकारीगण द्वारा चौकी प्रभारी नदेसर एवं पुलिस टीम के साथ दिनांक 27/28.07.2026 की रात्रि में उक्त स्थान पर दबिश दी गई। कार्यवाही के दौरान 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया तथा मौके से ₹21,000/- मालफड़, 03 नोट गिनने की मशीनें, 52 ताश के पत्ते एवं 10 गड्डी नए ताश के पत्ते बरामद किए गए। इस संबंध में थाना कैण्ट पर मु0अ0सं0-379/2026, धारा 13 उत्तर प्रदेश सार्वजनिक जुआ अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
प्रकरण की समीक्षा एवं उपलब्ध तथ्यों के परीक्षण में यह तथ्य प्रकाश में आया कि उक्त स्थान पर अवैध जुआ का संचालन काफी समय से किया जा रहा था। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर प्रभावी निरोधात्मक एवं वैधानिक कार्यवाही नहीं की गई तथा न ही इस संबंध में उच्चाधिकारीगण को समय से अवगत कराया गया। इससे यह स्पष्ट हुआ कि क्षेत्र में संचालित अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने एवं समयबद्ध सूचना उपलब्ध कराने में गंभीर शिथिलता एवं पदीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता बरती गई।
पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल द्वारा इस प्रकरण का स्वयं संज्ञान लेते हुए इसे अत्यंत गंभीरता से लिया गया। प्रथम दृष्टया पुलिस कर्मियों की लापरवाही एवं कर्तव्य के प्रति उदासीनता पाए जाने पर चौकी प्रभारी नदेसर उप निरीक्षक सुमित पाण्डेय, हल्का प्रभारी उप निरीक्षक लल्लन यादव एवं मुख्य आरक्षी शनि विश्वकर्मा को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है।
साथ ही, इस प्रकरण में स्थानीय थाना स्तर पर पर्यवेक्षण एवं नियंत्रण संबंधी दायित्वों के दृष्टिगत थाना प्रभारी की भूमिका की भी पृथक से जांच कराई जा रही है । जांच में जो भी अधिकारी अथवा कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस आयुक्त श्री मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कमिश्नरेट वाराणसी में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, संगठित अपराध, जुआ, सट्टा अथवा अन्य गैरकानूनी कृत्यों के प्रति Zero Tolerance की नीति अपनाई जा रही है। यदि किसी भी स्तर पर पुलिस कर्मियों की लापरवाही, उदासीनता अथवा अवैध गतिविधियों के प्रति संरक्षण अथवा अनदेखी पाए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित के विरुद्ध कठोरतम विभागीय एवं विधिक कार्यवाही की जाएगी।
कमिश्नरेट वाराणसी आमजन को सुरक्षित, अपराधमुक्त एवं पारदर्शी पुलिस व्यवस्था उपलब्ध कराने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा कानून-व्यवस्था से समझौता करने वाले किसी भी व्यक्ति अथवा पुलिस कर्मी के विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।