MENU

गुरुपूर्णिमा से पहले श्री सर्वेश्वरी समूह का सेवा रिपोर्ट कार्ड जारी: 88,390 मरीजों का उपचार, 2.10 लाख से अधिक पौधरोपण का दावा



 28/Jul/26

वाराणसी। गुरुपूर्णिमा महोत्सव की पूर्व संध्या पर मंगलवार को अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम्, अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम, पड़ाव में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में श्री सर्वेश्वरी समूह के अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी ने संस्था की वार्षिक पत्रिका ‘अघोरेश्वर-स्मारिका वर्ष 2026’ का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने सामाजिक और आध्यात्मिक विषयों पर पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए।

उन्होंने कहा कि आधुनिकता की चकाचौंध में युवा पीढ़ी अपने बड़े-बुजुर्गों और संत-महापुरुषों के बताए मार्ग से दूर होती जा रही है, जिसके कारण समाज में अनेक समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने समाज के प्रभावशाली लोगों से सकारात्मक दिशा देने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्र और समाज के उत्थान के लिए आदर्श आचरण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति बढ़ती उपेक्षा का परिणाम अत्यधिक वर्षा, सूखा और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के रूप में सामने आ रहा है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि "अघोर और औघड़ सहज हैं, पर सुगम नहीं।"

पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री सर्वेश्वरी समूह के मंत्री डॉ. एस.पी. सिंह ने संस्था का वर्ष 2025-26 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि संस्था ने पिछले एक वर्ष में देशभर में 88,390 रोगियों का उपचार किया तथा विभिन्न स्थानों पर रक्तदान और स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया।

उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के तहत 2,10,500 से अधिक पौधरोपण किया गया। संस्था की प्रेरणा से छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दो लाख से अधिक सीड बॉल बिखेरे गए, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान मिला। मध्य प्रदेश के नरसिंहगढ़ में भी एक लाख से अधिक सीड बॉल रोपे गए।

संस्था के अनुसार जशपुर आश्रम में चाय की खेती के साथ इस वर्ष पिपरमेंट और कोको की खेती भी शुरू की गई, जिससे स्थानीय आदिवासियों को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा जल संरक्षण, देशी गो-पालन, देशी बीज संरक्षण, पक्षियों के लिए दाना-पानी, जरूरतमंदों को कंबल, वस्त्र, पनशालाएं और विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम भी संचालित किए गए।

वार्षिक प्रतिवेदन में बताया गया कि संस्था ने शिक्षा के क्षेत्र में भी कई पहल कीं। मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक, छात्रवृत्ति, स्कूल बैग, पुस्तकें एवं खेल सामग्री वितरित की गई। गरीब बच्चों के लिए निःशुल्क भोजन, आवास और शिक्षा की व्यवस्था जारी रखी गई। साथ ही राष्ट्रीयता, सामाजिक समरसता और सदाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

पत्रकार सम्मेलन में श्री सर्वेश्वरी समूह के उपाध्यक्ष डॉ. ब्रजभूषण सिंह, अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम के प्रमुख वैद्य बैकुंठनाथ पाण्डेय, प्रबंध समिति के सदस्य डॉ. बामदेव पाण्डेय तथा वरिष्ठ पत्रकार दलीप सिंह ने भी पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5685


सबरंग