रोटरी क्लब बनारस का 82वां पदस्थापन समारोह संपन्न, राजीव कुमार ने अध्यक्ष पद की शपथ ली
वाराणसी, 26 जुलाई। समाज सेवा के क्षेत्र में 82 वर्षों से सक्रिय रोटरी क्लब बनारस का 82वां पदस्थापन समारोह रविवार को कैंट स्थित होटल रेडिसन में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में सत्र 2026-27 के लिए रोटेरियन राजीव कुमार ने अध्यक्ष पद की शपथ ली और नई कार्यकारिणी ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्रा "दयालु" ने समारोह का उद्घाटन करते हुए कहा कि "सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है।" उन्होंने कहा कि रोटरी जैसे सेवा संगठन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और इनके कार्य प्रेरणादायी हैं।
समारोह में विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त न्यायाधीश बी.डी. मिश्रा ने भी रोटरी क्लब बनारस की सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन राजीव कुमार ने अपने संबोधन में आगामी सत्र की प्राथमिकताओं की घोषणा की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी जनहितकारी परियोजनाओं के संचालन, "स्वच्छ काशी–सुंदर काशी" अभियान को जन-जन तक पहुंचाने, पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त समाज के लिए जनजागरण, युवाओं, विद्यार्थियों और महिलाओं के सशक्तिकरण, सदस्यता विस्तार, नए नेतृत्व के विकास तथा प्रत्येक सदस्य की सक्रिय भागीदारी के साथ प्रभावी सेवा कार्यों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने क्लब में मित्रता, पारदर्शिता, अनुशासन और टीम भावना को और मजबूत बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि क्लब का प्रत्येक सदस्य स्वयं को केवल रोटरी का सदस्य नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन का सशक्त दूत समझे। उन्होंने बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स, सचिव, कोषाध्यक्ष और सभी सदस्यों से एक परिवार की तरह कार्य करने का आह्वान करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
समारोह के दौरान कई नए सदस्यों ने रोटरी क्लब बनारस की सदस्यता भी ग्रहण की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब के संरक्षक डॉ. शशिकांत दीक्षित एवं डॉ. एम.के. गुप्ता ने की। संयोजक रोटेरियन उमा केजरीवाल तथा समन्वयक रोटेरियन राघवेंद्र वेताल ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर बनारस के विभिन्न रोटरी क्लबों के सदस्य, रोटरी क्लब बनारस के पूर्व अध्यक्ष, पदाधिकारी, रोटेरियन, गणमान्य नागरिक तथा आयुष मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन मनीष पाण्डेय एवं रोटेरियन आलोक पारीख ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रोटेरियन राजीव पाण्डेय ने प्रस्तुत किया।