सनबीम लहरतारा ने प्रतिष्ठित 'द बुलोन लीज़ मेमोरियल क्विज़' का खिताब जीता
वाराणसी। सनबीम स्कूल, लहरतारा ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी बौद्धिक उत्कृष्टता का परचम लहराते हुए ला मार्टिनियर बॉयज़ कॉलेज, लखनऊ द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित 'द बुलोन लीज़ मेमोरियल क्विज़' का खिताब अपने नाम कर लिया। विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों सूर्यांश मिश्रा एवं श्रेयांशु महापात्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल विद्यालय बल्कि पूरे वाराणसी का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता के प्रारंभिक चरण में देशभर से 16 टीमों ने भाग लिया। कड़े मुकाबले के बाद केवल 6 टीमों ने फाइनल में स्थान बनाया, जिनमें सनबीम स्कूल, लहरतारा भी शामिल था।
फाइनल मुकाबला सात चुनौतीपूर्ण राउंड में आयोजित किया गया, जिसमें सूर्यांश मिश्रा एवं श्रेयांशु महापात्रा ने अद्भुत ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता और उत्कृष्ट टीमवर्क का परिचय देते हुए 110 अंक अर्जित किए और विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता का संचालन प्रसिद्ध क्विज़ मास्टर श्री क्रेगकर ने किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रतिष्ठित निर्णायकों—अधिवक्ता श्री अभिषेक सिंह, फिल्म निर्माता श्री इकबाल किदवई, डॉ. स्वाति वर्मा तथा सीएलएटी फाउंडर सुश्री सुरभि मोदी—द्वारा किया गया।
इस उपलब्धि को और भी ऐतिहासिक बनाती है यह तथ्य कि मात्र तीन माह पूर्व सनबीम स्कूल, लहरतारा ने ला मार्टिनियर गर्ल्स कॉलेज, लखनऊ द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित इंटर-स्कूल क्विज़ प्रतियोगिता का भी खिताब अपने नाम किया था। लगातार तीन माह के भीतर लखनऊ के दो प्रतिष्ठित क्विज़ खिताब जीतकर विद्यालय ने क्विज़ प्रतियोगिताओं में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।
इस उल्लेखनीय सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की अथक मेहनत के साथ-साथ उनके मार्गदर्शक श्री संजीव मिश्रा के कुशल प्रशिक्षण, सतत मार्गदर्शन और प्रेरणादायी नेतृत्व को भी जाता है। विद्यालय परिवार इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर दोनों विजेता विद्यार्थियों एवं उनके मार्गदर्शक को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देता है।
सनबीम स्कूल, लहरतारा के प्रधानाचार्य ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों में ज्ञान, तार्किक सोच, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धी भावना के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। यह सफलता उसी उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्कृति और समर्पित प्रयासों का परिणाम है। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय, बल्कि वाराणसी के लिए भी गर्व का विषय है।
इस अवसर पर सनबीम शिक्षण समूह की निदेशिका श्रीमती अमृता बर्मन ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि “यह जीत केवल एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि लगन एवं मेहनत और बौद्धिक उत्कृष्टता का उत्सव है।
सनबीम शिक्षण समूह के अध्यक्ष डॉ दीपक मधोक ने इस उपलब्धि पर कहा कि सनबीम लहरतारा की यह अद्भुत, गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक उपलब्धि संस्थान की उत्कृष्ट परंपरा और छात्रों की असाधारण प्रतिभा का सशक्त प्रमाण है। उपाध्यक्ष श्रीमती भारती मधोक जी का कहना है कि“हमारे विद्यार्थियों ने जिस उत्कृष्टता, अनुशासन और समर्पण के साथ इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर विजय प्राप्त की है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने सभी अभिभावकों को विशेष बधाई दी।