MENU

मोहित अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, अपराध नियंत्रण और त्योहारों की सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश



 27/Jul/26

मोहित अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, अपराध नियंत्रण और त्योहारों की सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश

वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने शनिवार को कैंप कार्यालय में राजपत्रित अधिकारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित विवेचनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जघन्य अपराध, गैंगस्टर एक्ट, गोवध, एनडीपीएस अधिनियम, ई-समन, ई-नोटिस, ई-वारंट, ई-साक्ष्य, यूनिक SID क्रिएशन तथा एसआर (SR) मामलों की समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में लंबित गैर-जमानती वारंट (NBW) के प्रभावी निष्पादन के लिए तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाकर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा अभियान की प्रतिदिन समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े मामलों में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रखने तथा लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने पर जोर दिया गया।

समीक्षा के दौरान ई-समन, ई-नोटिस और ई-वारंट का शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर बल दिया गया। ई-साक्ष्य पोर्टल पर डिजिटल साक्ष्यों के समयबद्ध अपलोड और अद्यतन की भी समीक्षा की गई तथा सभी मामलों में साक्ष्यों के समुचित संधारण और उपयोग के निर्देश दिए गए।

मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी विवेचना 30 दिनों से अधिक लंबित न रहे। सभी मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। गैंगस्टर एक्ट और गुण्डा एक्ट के अंतर्गत प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के भी निर्देश दिए गए। यूनिक SID क्रिएशन की समीक्षा करते हुए लंबित प्रविष्टियों का सत्यापन कर शत-प्रतिशत यूनिक SID तैयार करने को कहा गया।

बैठक में महिला अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर विशेष जोर देते हुए प्रत्येक शिकायत पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने, निष्पक्ष विवेचना करने और त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि पीड़िताओं को समय पर न्याय मिल सके।

आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता, प्रभावी गश्त, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बेहतर यातायात प्रबंधन तथा निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा सहित सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे, जबकि कमिश्नरेट वाराणसी के सभी थाना प्रभारी गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन शामिल हुए।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6561


सबरंग