MENU

आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने कार्यकर्ताओं संग सुना प्रधानमंत्री के 'मन की बात' का 136वां संस्करण



 26/Jul/26

आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने कार्यकर्ताओं संग सुना प्रधानमंत्री के 'मन की बात' का 136वां संस्करण

वाराणसी, 26 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने रविवार को सिगरा स्थित अपने कैंप कार्यालय पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार देश को नई दिशा देने के साथ समाज को सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रेरित करते हैं।

डॉ. मिश्र ने कहा कि 'मन की बात' केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को प्रेरित करने का एक सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए विचार जनभागीदारी, राष्ट्र निर्माण, नवाचार, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में बताए गए संदेशों को आत्मसात कर समाज के बीच पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत कारगिल विजय दिवस पर वीर जवानों को नमन करते हुए की। उन्होंने देश के युवाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय युवा वैश्विक मंच पर लगातार देश का नाम रोशन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि इस माह आयोजित फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथ्स ओलंपियाड में भारतीय टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जो देश के लिए गर्व का विषय है।

इस अवसर पर गौरव राठी, रजत जायसवाल, दिनेश कुमार सिंह 'दीनू', प्रवीण पांडेय, सीताराम केसरी, चंद्रभान सिंह, अवध नारायण राय सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3762


सबरंग