MENU

वाराणसी दौरे पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने परखी विकास कार्यों की जमीनी हकीकत, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


apna sahar
 26/Jul/26

 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शनिवार को अपने एक दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान विकास कार्यों, जनसुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण, समीक्षा बैठकों और जनसुनवाई के माध्यम से उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील कार्यशैली अपनाने के निर्देश दिए।

सुबह 7 बजे रामनगर पहुंचकर वित्त मंत्री ने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने एक मलिन बस्ती तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप स्थित गलियों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वच्छता, पेयजल, जलनिकासी, सड़क और प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका लाभ आम जनता को प्रत्यक्ष रूप से दिखाई देना चाहिए। निरीक्षण कार्यक्रम के संयोजक सृजन श्रीवास्तव रहे।

इसके बाद सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में वित्त मंत्री ने विभागीय कार्यों एवं वित्तीय प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव एवं अजगरा विधायक त्रिभुवन राम भी उपस्थित रहे।

दौरे के दौरान वित्त मंत्री महापौर अशोक तिवारी के आवास पर आयोजित भारतीय जनता पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में भी शामिल हुए। बैठक में मंत्री रविन्द्र जायसवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिला अध्यक्ष राम सकल पटेल, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. नीलकंठ तिवारी, अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्य, सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि श्रीमती अदिति पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

संसदीय जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान वित्त मंत्री ने बड़ी संख्या में आए लोगों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, संवेदनशील एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं बल्कि जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही का सशक्त माध्यम है। इस अवसर पर कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, महापौर अशोक तिवारी, सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि श्रीमती अदिति पटेल तथा संसदीय जनसंपर्क कार्यालय प्रभारी शिवशरण पाठक उपस्थित रहे।

इसके उपरांत वित्त मंत्री ने संत रविदास जन्मस्थली पर निर्माणाधीन म्यूजियम एवं सभा स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं समयसीमा की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य निर्धारित समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। निरीक्षण के दौरान कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, रोहनिया विधायक सुनील पटेल, अजगरा विधायक त्रिभुवन राम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अपने प्रवास के अंतिम चरण में वित्त मंत्री काशी विद्यापीठ ब्लॉक पहुंचे, जहां आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करने के साथ ही विकास योजनाओं एवं विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक योजना की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराया जाए तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, रोहनिया विधायक सुनील पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्य, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवेश पटेल, अरुण सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ है—जनता की समस्याओं का समय पर समाधान, विकास कार्यों की गुणवत्ता और शासन की योजनाओं का अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी क्रियान्वयन। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे पूरी संवेदनशीलता, ईमानदारी एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें, ताकि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5262


सबरंग