सिंधोरा थाना पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर पूर्व में विक्रय की जा चुकी भूमि का दोबारा बैनामा कराने के मामले में वांछित अभियुक्त कृष्ण कुमार जायसवाल उर्फ कृष्णानन्द उर्फ टिंकू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर चकरमा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, थाना सिंधोरा पर दर्ज मु.अ.सं. 79/2026 में भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420, 467, 468, 471, 506 एवं 120-बी के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, प्रकरण में वादिनी ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2013 में उसने ग्राम सिंधोरा स्थित लगभग 43.22 वर्गमीटर भूमि कृपाशंकर जायसवाल से 4.75 लाख रुपये में खरीदी थी। पूरी धनराशि का भुगतान करने तथा विधिवत बैनामा और दाखिल-खारिज कराने के बाद उसे जानकारी हुई कि यही भूमि वर्ष 2002 में ही कृपाशंकर जायसवाल तथा उनके पुत्र कपिल जायसवाल एवं कृष्ण कुमार जायसवाल द्वारा अन्य व्यक्तियों के नाम बेची जा चुकी थी।
आरोप है कि अभियुक्तों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर पहले से विक्रय की जा चुकी भूमि का दोबारा बैनामा कराया और धोखाधड़ी कर वादिनी से धनराशि हड़प ली। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। वादिनी की तहरीर के आधार पर थाना सिंधोरा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद अन्य अभियुक्त कृपाशंकर जायसवाल एवं कपिल जायसवाल की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।गिरफ्तार अभियुक्त कृष्ण कुमार जायसवाल उर्फ कृष्णानन्द उर्फ टिंकू, पुत्र कृपाशंकर जायसवाल, कस्बा सिंधोरा, थाना सिंधोरा, वाराणसी का निवासी है और उसकी उम्र लगभग 48 वर्ष बताई गई है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, अभियुक्त के विरुद्ध थाना सिंधोरा में वर्ष 2025 में भी धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना, गाली-गलौज, धमकी एवं आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक रामपाल सरोज, उपनिरीक्षक अंकित सिंह, हेड कांस्टेबल रोशन त्रिपाठी तथा आरक्षी अभिषेक पाण्डेय की टीम ने अंजाम दिया।