MENU

दीक्षोत्सव-2026 के तहत महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में विभिन्न विभागों में चला व्यापक स्वच्छता अभियान



 25/Jul/26

दीक्षोत्सव-2026 के तहत महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में विभिन्न विभागों में चला व्यापक स्वच्छता अभियान

 महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में ‘दीक्षोत्सव-2026’ के अंतर्गत विभिन्न विभागों में व्यापक सफाई अभियान आयोजित किया गया। इसके अन्तर्गत समाज कार्य विभाग परिसर में स्वच्छता अभियान के दौरान समाज कार्य विभाग के छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों एवं प्राध्यापकों ने मिलकर विभाग परिसर में सफाई का कार्य किया। इस दौरान विभाग परिसर की साफ-सफाई के साथ-साथ पेड़-पौधों के आसपास उगी अनावश्यक खरपतवार को भी हटाया गया।

इस मौके पर विद्यार्थियों को स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक के न्यूनतम उपयोग तथा कचरे के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया। विभागाध्यक्ष प्रो. वन्दना सिन्हा ने कहा कि स्वच्छता अभियान का वास्तविक उद्देश्य केवल परिसर की सफाई करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास के स्थान को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी स्वयं ले, तो स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण किया जा सकता है।

इस अवसर पर प्रो. अनिल कुमार चौधरी, प्रो. भावना वर्मा, प्रो. निमिषा गुप्ता एवं प्रो. शैला परवीन ने भी स्वच्छता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में प्रो. संजय, प्रो. बंशीधर पाण्डेय, प्रो. चंद्रशेखर सिंह, प्रो. के.के. सिंह, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. भारती कुरील, डॉ. सतीश कुशवाहा, डॉ. अश्विनी सिंह, डॉ. आलोक शुक्ला, विकास बाजपेई, आयुषी यादव, अंकिता श्रीवास्तव, शिवांशु मिश्रा, हर्ष सोनकर, शिखा विश्वकर्मा, अदिति पांडे तथा किशन सोनकर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

इसी क्रम में शिक्षाशास्त्र विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वाधान में भी सफाई अभियान चलाया गया। विभागाध्यक्ष प्रो. रमाकान्त सिंह ने बताया कि स्वच्छता कार्य किसी भी संस्था, समाज, राष्ट्र एवं जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह राष्ट्र सेवा से जुड़ा हुआ है। इस अवसर पर डॉ. ध्यानेंद्र कुमार मिश्रा, डॉ. रमेश कुमार प्रजापति, डॉ. दिनेश कुमार, प्रो. सुरेन्द्र राम, डॉ. पवन कुमार तथा डॉ. वरुण कुमार भास्कर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

वहीं, क्रीड़ा परिषद ने भी विश्वविद्यालय के व्यापक स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। क्रीड़ा परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगी सदस्यों ने खेल परिसर, जिमनेजियम हॉल, कार्यालय, अभ्यास स्थलों तथा आसपास के क्षेत्रों की समुचित सफाई की। अभियान के दौरान कचरा संग्रहण, प्लास्टिक एवं अनुपयोगी वस्तुओं का निष्पादन, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा परिसर को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाए रखने का कार्य किया गया।

इस मौके पर क्रीड़ा परिषद के सभी सदस्यों ने प्रत्येक माह के शनिवार को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए यह संकल्प लिया कि वे अपने कार्यस्थल एवं विश्वविद्यालय परिसर की स्वच्छता बनाए रखने में निरंतर सहयोग करेंगे। इस अवसर पर क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष प्रो. ब्रजेश कुमार सिंह, सचिव डॉ. उर्जस्विता सिंह, डॉ. राधेश्याम राय, डॉ. अमरेन्द्र कुमार सिंह, गनेश कुमार, राम लाल, ओंकार नाथ, अरविन्द कुमार, संतोष कुमार एवं प्रमिला सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3430


सबरंग