MENU

डीआरआई ने पीडीडीयू जंक्शन से 7.11 करोड़ का विदेशी सोना पकड़ा, महिला तस्कर गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत



 25/Jul/26

 पीडीडीयू जंक्शन पर डीआरआई की बड़ी कार्रवाई, 7.11 करोड़ रुपये के विदेशी सोने के साथ महिला गिरफ्तार

डीआरआई वाराणसी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.11 करोड़ रुपये मूल्य का 4.983 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद किया। पश्चिम बंगाल की महिला तस्कर को गिरफ्तार कर अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

वाराणसी। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) की वाराणसी इकाई ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) जंक्शन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 7 करोड़ 11 लाख 45 हजार 321 रुपये मूल्य के विदेशी सोने के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। महिला के कब्जे से 4.983.360 किलोग्राम वजनी 42 विदेशी सोने के बिस्किट और 20 छोटे टुकड़े बरामद किए गए हैं। जांच में बरामद सोना 99.5 प्रतिशत शुद्धता का पाया गया।

डीआरआई की लखनऊ इकाई से प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर वाराणसी की टीम पीडीडीयू जंक्शन पहुंची। प्लेटफॉर्म संख्या-7 पर ब्रह्मपुत्र मेल के एसी कोच में यात्रा कर रही 44 वर्षीय मधु वर्मा को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कमर से बंधे लाल रंग के बैग से विदेशी सोने की खेप बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के डोमजूर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वर्तमान में वह बिहार के किशनगंज जिले के एक अपार्टमेंट में रह रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह विदेशी सोना बांग्लादेश सीमा के रास्ते पश्चिम बंगाल लाया गया था, जहां से उसे दिल्ली पहुंचाने की जिम्मेदारी मधु वर्मा को दी गई थी। इसके बदले उसे एक लाख रुपये मिलने थे।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी पूरी यात्रा के दौरान लगातार एसी कोच बदलती रही। उसके पास केवल जनरल टिकट था, लेकिन वह कभी स्लीपर तो कभी एसी कोच में यात्रा करती रही ताकि किसी को शक न हो। डीआरआई ने उसके पास से आधार कार्ड, मोबाइल फोन और 19,200 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

पूछताछ के दौरान डीआरआई को सोना तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। एजेंसी अब इस बात की जांच कर रही है कि विदेशी सोने की इस खेप को दिल्ली में किसे सौंपा जाना था और इसके पीछे सक्रिय अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

डीआरआई ने आरोपी को विशेष न्यायाधीश (आर्थिक अपराध) कृष्ण कुमार की अदालत में पेश किया। विशेष लोक अभियोजक श्याम शरण दुबे की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी मधु वर्मा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।

डीआरआई अधिकारियों का कहना है कि विदेशी सोने की तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच अभी जारी है।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

8283


सबरंग