MENU

संत रविदास की 650वीं जयंती पर 29 जुलाई से काशी से शुरू होगा देशव्यापी आयोजन, 27 राज्यों के प्रतिनिधि होंगे शामिल



 25/Jul/26

 

जन्मस्थली से होगी कलश पूजा व कलश यात्रा की शुरुआत, भाजपा ने तैयारियों के लिए बनाए 17 विभाग

24 जुलाई। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों की शुरुआत 29 जुलाई को संत रविदास महाराज की जन्मस्थली, वाराणसी से होगी। इस अवसर पर देश के 27 राज्यों के प्रतिनिधि काशी पहुंचेंगे। आयोजन के तहत कलश पूजन, कलश यात्रा, जनसंपर्क अभियान, जनसभा सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों की तैयारियों और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को सर्किट हाउस में भाजपा के चुनिंदा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने की।

बैठक में आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया गया कि कार्यक्रमों को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए भाजपा ने संपूर्ण व्यवस्था को दो भागों में विभाजित कर 17 विभागों का गठन किया है। इन विभागों की जिम्मेदारी अनुभवी और चयनित कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है ताकि आयोजन का प्रत्येक चरण सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयंबक त्रिपाठी ने कहा कि संत रविदास महाराज ने लगभग 650 वर्ष पूर्व समाज को समरसता, समानता और भेदभावमुक्त जीवन का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और भारतीय जनता पार्टी उनके संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाएगी।

भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक वैचारिक आंदोलन भी है। पार्टी सामाजिक एकता, सामाजिक समानता, सामाजिक न्याय और समावेशी समाज की अवधारणा को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से 28 एवं 29 जुलाई को होने वाले कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।

बैठक में कलश पूजन, कलश यात्रा और जनसभा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके अलावा शहर के प्रमुख चौराहों, प्रमुख मार्गों, संत रविदास महाराज की जन्मस्थली और सभास्थल की साज-सज्जा, आगंतुकों के स्वागत, आवास, परिवहन तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही संत रविदास महाराज के पूजित कलशों को देश के 27 राज्यों में भेजने की तैयारियों पर भी गहन मंथन किया गया।

बैठक का संचालन अनिल श्रीवास्तव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन भाजपा जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल ने किया।

बैठक में भाजपा प्रदेश मंत्री अनिल यादव, सुरेंद्र नारायण सिंह ओढ़े, अमरनाथ यादव, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, नवीन कपूर, सह प्रभारी संतोष सोलापुरकर, अमित राय, संजय सोनकर, अशोक पटेल, सुरेंद्र पटेल, आलोक श्रीवास्तव, सुरेश सिंह, जेपी दुबे, आत्मा विश्वेश्वर, अभिषेक मिश्रा, मधुकर चित्रांश, अरविंद पटेल, विजय गुप्ता, अरविंद पांडेय, अशोक जाटव, हरि केशरी, विनय मोर्या, चंद्रशेखर उपाध्याय, शैलेष पांडेय, संदीप सिंह मिंटू, संदीप केशरी और अजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाला यह अभियान सामाजिक समरसता, समानता और संत रविदास के विचारों के व्यापक प्रचार-प्रसार का माध्यम बनेगा। वाराणसी से शुरू होने वाला यह आयोजन देश के विभिन्न राज्यों तक पहुंचेगा और बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करेगा।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2958


सबरंग