MENU

मंत्री रविन्द्र जायसवाल, महापौर अशोक कुमार तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव व जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता-2026 के विजेताओं को किया सम्मानित



 25/Jul/26

 


तीन विकास खण्डों और नगर निगम के पांचों जोनों के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, काशी की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं के 90 विजेताओं को मिले मेडल व प्रमाण पत्र

 24 जुलाई। विश्व की सांस्कृतिक राजधानी काशी की अमूल्य सांस्कृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने, स्थानीय नागरिकों विशेषकर युवाओं में पर्यटन के प्रति जागरूकता विकसित करने तथा उन्हें प्रशिक्षित एवं दक्ष टूरिस्ट गाइड के रूप में तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता-2026 का शुक्रवार को भव्य समापन हो गया। समापन समारोह में प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, महापौर अशोक कुमार तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव तथा जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

16 जुलाई से 24 जुलाई तक आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन लोकसभा वाराणसी क्षेत्र के तीन विकास खण्ड—काशी विद्यापीठ, अराजीलाइन और सेवापुरी—तथा नगर निगम के सभी पांच जोनों में किया गया। प्रतियोगिता में दो आयु वर्ग, 14 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसका उद्देश्य युवाओं में काशी की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें पर्यटन क्षेत्र में नई संभावनाओं से जोड़ना रहा।

प्रतियोगिता के अंतर्गत डेक्लेमेशन एवं प्रेजेंटेशन, निबंध लेखन तथा इंस्टाग्राम रील मेकिंग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने काशी के घाट, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, सारनाथ, काशी का इतिहास, काशी के त्योहार, काशी के हस्तशिल्प, काशी एवं धर्म, संत परंपरा (कबीर, तुलसीदास, रविदास आदि), काशी एवं संगीत तथा काशी के खानपान जैसे 10 प्रमुख विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

जनपद स्तर पर आयोजित 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की प्रतियोगिता के दूसरे दिन निबंध लेखन प्रतियोगिता में कुल 160 पंजीकृत प्रतिभागियों में से 105 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 30 प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया। इसी प्रकार डेक्लेमेशन एवं प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता में 160 में से 96 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 30 प्रतिभागियों का चयन विजेता के रूप में किया गया। वहीं इंस्टाग्राम रील मेकिंग प्रतियोगिता में 132 पंजीकृत प्रतिभागियों में से 112 प्रतिभागी उपस्थित रहे और इस प्रतियोगिता में भी 30 प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया।

समापन समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के समक्ष प्रतिभागियों ने डेक्लेमेशन, प्रेजेंटेशन और रील मेकिंग की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। विनय कुमार मौर्य, कस्तूरी अग्रहरी, वंदना चौहान, अनिल तिवारी सहित अन्य प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सभी ने सराहना की। इसके बाद विजेता प्रतिभागियों को मंच पर आमंत्रित कर मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

संत कॉन्वेंट स्कूल, कोईराजपुर में आयोजित जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में ग्रामीण क्षेत्र के तीनों विकास खण्डों तथा नगर निगम के पांचों जोनों के कुल 452 विजेता प्रतिभागियों में से 313 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के प्रत्येक इवेंट की सभी 10 थीम में तीन-तीन प्रतिभागियों का चयन करते हुए कुल 90 विजेताओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संत अतुलानंद रचना परिषद के बालवाटिका हॉल में किया गया, जहां लगभग 1250 दर्शकों की उपस्थिति रही। पूरे आयोजन में प्रतिभागियों ने काशी की समृद्ध सांस्कृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर प्रतियोगिता के उद्देश्य को सार्थक बनाया।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6793


सबरंग