जंसा में छात्राओं से अभद्रता करने वाला युवक गिरफ्तार, मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम की कार्रवाई
वाराणसी। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत जंसा थाना की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम ने विद्यालय के बाहर छात्राओं से अभद्रता करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम विद्यालयों एवं बाजारों के आसपास महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सघन भ्रमण एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम राजकीय हाईस्कूल जंसा के पास पहुंची।
पुलिस ने मौके पर एक युवक को विद्यालय में आने-जाने वाली छात्राओं के साथ हंसी-मजाक करते, अशोभनीय इशारे एवं अभद्र टिप्पणियां कर उन्हें असहज करते हुए पाया। टीम ने तत्काल उसे पकड़कर पूछताछ की।
पूछताछ में युवक की पहचान मनोज कुमार, पुत्र विष्णु प्रसाद, निवासी ग्राम सारंगपुर (देईपुर), थाना जंसा, वाराणसी के रूप में हुई। उसकी उम्र लगभग 33 वर्ष बताई गई है।
घटना के संबंध में थाना जंसा पुलिस ने धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह, महिला उपनिरीक्षक मंजू चौरसिया, उपनिरीक्षक अंशु पाण्डेय तथा महिला आरक्षी शालिनी शामिल रहीं।