MENU

5 हजार रुपये प्रतिमाह के लालच में साइबर ठगों को दिया बैंक खाता, कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा



 23/Jul/26

 5 हजार रुपये प्रतिमाह के लालच में साइबर ठगों को दिया बैंक खाता, कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
 

पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के काशी जोन स्थित थाना कोतवाली की साइबर सेल ने 'Cy-Vazra' अभियान के तहत म्यूल (Mule) अकाउंट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के विरुद्ध धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई साइबर मुख्यालय, लखनऊ से प्राप्त इनपुट के आधार पर की गई।

पुलिस के अनुसार, साइबर मुख्यालय से GREEN-25 MULE ACCOUNT अभियान के अंतर्गत यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एक संदिग्ध खाते की जांच के निर्देश प्राप्त हुए थे। जांच में खाता संख्या 416802011129382 (यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, कबीरचौरा शाखा) के खाताधारक की पहचान राम प्रकाश गर्ग (33 वर्ष), पुत्र अचल कुमार सेठ, निवासी सीके 49/92, भुलेटन, थाना चौक, वाराणसी के रूप में हुई।

बैंक से प्राप्त केवाईसी और स्टेटमेंट की जांच में पता चला कि संबंधित खाते के विरुद्ध एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल और समन्वय पोर्टल पर ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़ी तीन शिकायतें दर्ज हैं। इनमें दो मामलों में खाते का उपयोग लेयर-1 तथा एक मामले में लेयर-2 के रूप में किया गया था।

पुलिस ने जब खाताधारक से पूछताछ की तो उसने बताया कि नवंबर 2025 में एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे 5 हजार रुपये प्रतिमाह देने का लालच देकर बैंक खाते का संचालन अपने हाथ में लेने का प्रस्ताव दिया था। इसके बदले उसने स्वेच्छा से अपने बैंक खाते की जानकारी और एटीएम कार्ड उस व्यक्ति को सौंप दिया।

पुलिस का कहना है कि इस प्रकार खाताधारक ने अपना बैंक खाता साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराकर धोखाधड़ी से अर्जित अवैध धनराशि को छिपाने और उसके लेन-देन में सहायता की, जो साइबर अपराध की श्रेणी में आता है। इसी आधार पर थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 183/26 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन, पुलिस उपायुक्त काशी जोन एवं अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में की गई। अभियान में प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक चंद्रा, उपनिरीक्षक अमन सिंह तथा कांस्टेबल श्याम मोहन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

क्लाउन टाइम्स अपील: यदि कोई व्यक्ति बैंक खाता किराये पर देने, कमीशन के बदले एटीएम या बैंकिंग विवरण साझा करने का प्रस्ताव देता है, तो उससे सावधान रहें। ऐसा करना आपको भी साइबर अपराध का आरोपी बना सकता है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

9749


सबरंग